Error message

  • Deprecated function: Using ${var} in strings is deprecated, use {$var} instead in include_once() (line 1065 of includes/theme.inc).
  • Deprecated function: Using ${var} in strings is deprecated, use {$var} instead in include_once() (line 1065 of includes/theme.inc).
  • Deprecated function: Using ${var} in strings is deprecated, use {$var} instead in include_once() (line 1065 of includes/theme.inc).
  • Deprecated function: Using ${var} in strings is deprecated, use {$var} instead in include_once() (line 1065 of includes/theme.inc).

करंज की खेती

बायोडीजल का एक स्रोत

करंज एक बहुउद्देशीय सदाबहार वृक्ष है। करंज एक बहुवर्षीय, बड़े आकार एवं सूखा सहन करने वाला वृक्ष है। यह लगभग 5-12 मीटर लंबा तथा धीमी गति से बढ़ने की प्रकृति वाला वृक्ष है।इसे सामान्यतः करंज व पापड़ी के नाम से जाना जाता है। इसका वानस्पतिक नाम पोंगामिया पिनाटा है। यह लेगुमिनेसी कुल का सदस्य है तथा यह पेपीलीयोनेसी उपकुल के अन्तर्गत आता है। साधारणतः इसकी लकड़ी किसानों के रोजमर्रा में काम आने वाले कृषि औज़ारों में, घरेलू कार्यों एवं ईंधन के काम में लायी जाती है। परन्तु आजकल इसके बीजों के तेल से बायोडीजल भी बनाया जाने लगा है, इसे डीजल में 5 से 20 प्रतिशत तक मिलाकर इंजन की बनावट में बिना कोई परिवर्तन किए प्रयोग किया जा सकता है। करंज एक ऐसा पौधा है जिससे प्राप्त होने वाले तेल को बायो-डीजल के रूप में उपयोग में लाने की प्रबल व अपार सम्भावनाएं दिखती हैं। इसकी खली का उपयोग जैविक खाद के रूप में किया जाता है। इसके अलावा यह कम उर्वरता, कम वर्षा वाली व पथरीली मिट्टियों में भी उगने की क्षमता रखता है। जंगली जानवर इसको अधिक हानि नहीं पहुँचा पाते हैं।

करंज की खेती

इसकी खेती सभी प्रकार की भूमियों पर आसानी से की जा सकती है, जो कम से कम दो फीट गहरी हो। इसे शुष्क एवं अर्धशुष्क क्षेत्रों में भी उगाया जा सकता है। जिन क्षेत्रों में औसतन वार्षिक वर्षा कम से कम 600-700 मि.मी. होती है। वहाँ इसकी खेती अच्छी तरह की जा सकती है। वैसे इसे 500 से 2500 मि.मी. औसतन वार्षिक वर्षा तथा तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से 45 डिग्री सेल्सियस तक सफलतापूर्वक उगाया जा सकता है। यह क्षारीय व जलमग्न भूमियों में भी उग सकने में समर्थ है।

करंज आमतौर पर विश्व के कटिबंधीय, उष्ण कटिबंधीय क्षेत्रों तथा 1200 मीटर तक की ऊँचाई वाले स्थानों में पाया जाता है। भारत में यह मुख्यतः आंध्र प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, तमिलनाडू , कर्नाटक, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश इत्यादि राज्यों में पाया जाता है।

करंज प्रवर्धन मुख्यतः बीजों द्वारा होता है। इसके अलावा करंज का प्रवर्धन वानस्पतिक विधि द्वारा भी किया जाता है।

करंज के बीजों को बोने से पहले इसे 50 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले जल में 15 मिनट तक भिगोने से अंकुरण शीघ्र व अधिक होता है। पॉलीथीन की थैलियों में मिट्टी, कम्पोस्ट खाद तथा बालू की मात्रा उपयुक्त अनुपात (2:1:1) में सुनिश्चित कर लें। बीज को इन तैयार थैलियों में डेढ़ से दो सेंटीमीटर गहराई पर बो देना चाहिए। रोपाई सामान्यतः एक वर्ष पुराने पौधों की करनी चाहिए। तैयार गड्ढ़ों में भी 2 से 3 बीज प्रति गड्ढ़े की दर से जुलाई के महीने में सीधी बुआई भी की जा सकती है। लगभग 10 दिन बाद अंकुरण शुरू हो जाता है।

करंज प्रवर्धन की वानस्पतिक विधि में करंज के 15-20 सेंटीमीटर लम्बी तथा 2-3 सेंटीमीटर मोटी कलमों को जुलाई-अगस्त माहों में पॉलीथीन में लगाने चाहिए। इन कलमों को सीधे ही क्यारियों में भी लगा दिया जाता है। क्यारियों या थैलियों में लगे पौधे जब लगभग 60 सेंटीमीटर के हो जायें तब असिंचित क्षेत्रों में 5 × 5 मी. और सिंचित क्षेत्रों के लिये 6 × 6 मी. की दूरी पर गडढ़े खोद लिये जाते हैं, गड्ढ़ों का आकार 45 × 45 × 45 (लम्बाई × चौड़ाई × गहराई) सेंटीमीटर का होता है। इन गड्ढ़ों में उचित मात्रा में खाद एंव उवर्रकों को मिलाकर भरने के बाद मानसून आने के बाद अथवा जुलाई-अगस्त के महीनों में पौध रोपण कर दिया जाता है। रोपण के लिये स्वस्थ पौध का चयन करना चाहिये।

खाद एवं उर्वरक : करंज की अच्छी बढ़वार हेतु प्रत्‍येक गड्ढे में 2-3 किलोग्राम गोबर की सड़ी हुई खाद या वर्मी कम्पोस्ट खाद, 100 ग्राम सिंगल सुपर फास्फेट डाल कर अच्छी तरह मिला दें।

सिंचाई : करंज एक सूखा सहन करने वाला वृक्ष है। अतः इसे अधिक सिंचाई देने की आवश्यकता नहीं पड़ती है। परंतु रोपण करने की शुरूआती अवस्था में पानी देना बहुत ही आवश्यक होता है। शुष्क मौसम (मार्च से मई) में एक या दो सिंचाई करना उत्तम रहता है।

कीट नियंत्रण : करंज के वृक्षों को अधिकतर हानि गाल इन्डयूसर, लीफ, माइनर, पत्ती खाने वाले, तना छेदक तथा बीज छेदक कीटों द्वारा होती है। इसके बचाव के लिये 1.5 मिलीमीटर मेटासिस्टॉक्स या डायमेथोएट 2 मिलीमीटर प्रति 3 लीटर पानी के घोल का छिड़काव करना उपयुक्त होता है।

कटाई-छँटाई : अधिक बीज उत्पादन के लिये अधिक शाखाओं को विकसित करने की आवश्यकता होती है। अत: इन शाखाओं को विकसित करने के लिये हमें समय-समय पर कटाई-छँटाई करनी पड़ती है।

करंज का पुष्पन, फलन एवं कटान

सामान्य तौर पर करंज का वृक्ष चौथे वर्ष फूलना व फलना शुरू कर देता है। अप्रैल से जुलाई माह में पुष्प आने शुरू हो जाते हैं। फल अगले वर्ष मार्च से मई माह में पककर तैयार हो जाते हैं। इसकी हरी फलियां लगभग 10-11 सप्ताह में हल्के भूरे रंग में परिवर्तित हो जाती हैं। इसलिये इसके फल में वर्ष भर प्राप्त होते रहते हैं।
 

बीज संग्रहण एवं प्रसंस्करण

करंज की पकी हुई फलियों को अप्रैल से जून माह में वृक्ष से ही तोड़कर धूप में सुखा लेते हैं। फलियां 4 से 5 सेंटीमीटर लंबी 1.5 से 2.5 सेंटीमीटर चौड़ी व भूरे पीले रंग की होती है। जिनमें एक या दो बीज पाये जाते हैं। बीज निकालने के लिये या तो फलियां हल्के से कूटी जाती हैं या उनके जोड़ को चाकू से खोल दिया जाता है। करंज में बीज उत्पादन लगभग 30 से 50 किलोग्राम प्रति वृक्ष प्रतिवर्ष होता है। जोकि वृक्ष की उम्र एवं उसके ओजस्विता पर निर्भर करता है। जब फलियों का ऊपरी भाग हल्का भूरा होने लगे, तब इन्हें तोड़ा जा सकता है। बीजों का भण्डारण करने की अपेक्षा फलियों को पॉलिथीन की थैलियों में भण्डारण करना लाभप्रद रहता है। बीजों में तेल की मात्रा औसतन 27-39 प्रतिशत होती है।
 

करंज के विभिन्न उत्पादों का उपयोग

लकड़ी : करंज एक बहुउद्देशीय वृक्ष है। इसका प्रत्येक भाग किसी न किसी रूप में उपयोग में लाया जाता है। मुख्यत: इसका उपयोग ईंधन एवं इमारती लकड़ी के अलावा कृषि औजार व बैलगाड़ियां बनाने में होता है। पत्तियां : इसकी पत्तियां मुलायम व गुणकारी होने के कारण इनका उपयोग पशुओं तथा बकरियों के चारे के रूप में किया जाता है। इसकी पत्तियों में 17.6 प्रतिशत क्रूड प्रोटीन, 2.2 प्रतिशत कैल्शियम एवं 0.2 प्रतिशत फास्फोरस उपस्थित रहता है। ये पत्तियां पाचक होने के साथ-साथ पौष्टिक भी होती हैं।

छाल : तने की छाल तन्तुयुक्त होती है। इसका प्रयोग रस्सियां बनाने में होता है। ताजी छाल में प्रारंभ में साधारण मीठा स्वाद होता है। जो शीघ्र ही तीक्ष्णतायुक्त कड़वे स्वाद में बदल जाता है। खूनी बवासीर में इसका आंतरिक प्रयोग किया जाता है। बेरी-बेरी रोग में छाल के काढ़े का प्रयोग किया जाता है।

जड़ : जड़ों के रस का प्रयोग दुर्गन्‍धयुक्‍त कानों को स्‍वच्‍छ करने, दाँतों को स्वच्छ करने तथा मसूड़ों को मजबूत बनाने में किया जाता है। इसके रस का प्रयोग सुजाक के उपचार में भी किया जाता है, कंठमाला की अवस्था में इसके मूल से बनी लेई ऊपर से लगायी जाती है।

फूल : शुष्क पुष्पों के शरबत का प्रयोग मधुमेह में प्यास बुझाने के लिये किया जाता है। गमले वाले पौधों के लिये ये पुष्प अच्छी खाद का कार्य करते हैं। कहा जाता है कि सुअपघटित अवस्था में ये पुष्प क्राईजेन्थामम तथा अन्य ऐसे पौधों को जल्दी उगाते हैं, जिनके लिये अधिक पादप आहार की आवश्यकता पड़ती है। ये मधुमक्खियों के लिये पराग का स्रोत है। पुष्पों में ऐलिफैटिक मोम पदार्थ, मुक्त कैम्पफेराल, पोंगामिन, साइटोस्टेरॉल ग्लूकोसाइड, केसिंसिनिओम्लेब्रिन तथा ग्लेब्रोसैपोनिन रहते हैं।

बीज : बीजों का मूल्य इनसे प्राप्त होने वाले तेल के कारण है। जिसका उपयोग अनेक उद्योगों और औषधियों में होता है। चूर्णित बीजों का महत्त्व ज़्वर शामक तथा टॉनिक के रूप में है जिसका प्रयोग श्वासनली रोग तथा कुकर खांसी की चिकित्सा में होता है। फलियों के छिलके का चूर्ण भी इसी काम आता है। पिसे हुए बीजों से बने पेस्ट का प्रयोग कोढ़, त्वचा संबंधी रोगों, दुखने वाले आमवाती जोड़ों के इलाज में होता है। बीजों का मछलियों के लिये विष के रूप में भी प्रयोग होता है। करंज से प्राप्त बीजों से तेल निकाला जाता है। जिसमें 27 से 39 प्रतिशत तक तेल प्राप्त होता है। परिपक्व बीज (औसत भार, लगभग 1 ग्राम) में लगभग 5 प्रतिशत छिलका तथा 95 प्रतिशत तेलयुक्त गिरी रहती है। वायुशुष्क गिरियों में आर्द्रता 19 प्रतिशत, वसा 27.5 प्रतिशत, प्रोटीन 17.4 प्रतिशत, स्टार्च 6.6 प्रतिशत, कच्चा रेशा 7.3 प्रतिशत तथा राख 2.4 प्रतिशत पाया जाता है। जबकि बीजों में म्यूसिलेज (13.5 प्रतिशत) वाष्प्पशील तेल की अल्प मात्रा तथा ग्लेब्रिन नामक जटिल ऐमीनो अम्ल रहते हैं।

 

organic farming: 
जैविक खेती: