किसानों के लिए मुसीबत बना लौटता मानसून, कटाई के लिए खड़ी फसल को हो रहा नुकसान

किसानों के लिए मुसीबत बना लौटता मानसून, कटाई के लिए खड़ी फसल को हो रहा नुकसान

उत्तर भारत में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश से राहत तो मिली है, लेकिन किसानों के लिए मुसीबत हो गई है। कटाई के लिए खड़ी फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। खासकर धान, कपास, सोयाबीन व उड़द की फसल को। बारिश के कारण किसानों के चेहरे पर चिंता साफ देखी जा सकती है। इस बारिश से किसानों को 20 से 25 फीसदी नुकसान होने की आशंका है।

यही मौसम अगले 2-3 दिन और रहा तो यह नुकसान का दायरा बढ़ सकता है। जानकारों की मानें तो इस बारिश से किसानों को हर तरह से नुकसान है। जो फसल कट गई है, उसका मंडी में सही दाम नहीं मिलेगा और जो फसल खेत में खड़ी है, वह जमीन में बिछ गई है। इससे कटाई की लागत बढ़ जाएगी और उत्पादन भी कम होगा। सबसे ज्यादा नुकसान पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के किसानों को होने की आशंका है।